
नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान अवैध वसूली के एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। गुरुवार रात का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी को पिकअप वाहन चालक से रुपए लेते हुए साफ देखा जा सकता है।
मामले ने गंभीर रूप ले लिया और पुलिस अधीक्षक, नवगछिया ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवगछिया को सौंपी गई।
जांच में हुआ खुलासा:
जांच में सामने आया कि वीडियो में नजर आ रहा पुलिसकर्मी अजय कुमार सिंह है, जो 11 सितंबर की शाम गश्ती के दौरान अवैध वसूली में संलिप्त पाया गया।
प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद बड़ी कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर पी०टी०सी०-48 ददन राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वहीं, होमगार्ड राजू कुमार, होमगार्ड अजय कुमार सिंह और होमगार्ड सुभाष यादव को लाइन हाजिर कर, उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई हेतु अनुशंसा जिला पदाधिकारी को भेजी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि,
> “इस प्रकार की घटनाएं विभाग की छवि को खराब करती हैं। दोषी कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस महकमे में हड़कंप:
कार्रवाई के बाद नवगछिया पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उच्चाधिकारियों ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी कर कहा है कि गश्ती के दौरान अवैध वसूली किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है।
🕵️♂️ News9Global पर बने रहें, हम आपको देंगे हर अपडेट सबसे पहले।


