नवगछिया : नवगछिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित समपार संख्या 12 एसपीएल (कि.मी. 57/31-33) पर रविवार को मेनटेनेंस कार्य के नाम पर फाटक बंद कर दिया गया और इसके साथ ही आम जनता की परीक्षा शुरू हो गई। खास बात यह रही कि इस महत्वपूर्ण कार्य की सूचना देने की जिम्मेदारी शायद रेलवे के किसी ‘गुप्त विभाग’ को सौंपी गई थी, जिसने पूरी निष्ठा से इसे जनता से छिपाए रखा।
बीते दिन शनिवार को को भी सुबह से ही फाटक का काम चल रहा था जिसे शाम करीब 6 बजे पूर्ण कर लिया गया था।जिसकी सूचना पूर्व में दी गई थी .लेकिन रविवार को बिना किसी पूर्व घोषणा के करीब दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक समपार फाटक पूरी तरह बंद रहा। न अखबारों में सूचना, न सोशल मीडिया पर अपडेट और न ही स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई जानकारी। नतीजा यह हुआ कि विद्यार्थी, कामकाजी लोग और रोजमर्रा के यात्री घंटों इधर-उधर भटकते रहे। कई साइकिल सवार तो अपनी साइकिल कंधे पर उठाकर वैकल्पिक रास्ते से गुजरने को मजबूर हो गए। मजेदार बात यह रही कि जब परेशान लोगों ने रेलवे के जिम्मेदार पदाधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने भी ‘मौन व्रत’ धारण कर लिया। फोन करने पर कॉल उठाना तो दूर, शायद उन्होंने जनता की तकलीफ सुनने की भी जहमत नहीं उठाई। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर रेलवे समय रहते सूचना दे देता तो इतनी परेशानी न होती। लेकिन लगता है कि रेलवे ने इस बार ‘काम पहले, सूचना कभी नहीं’ की नई नीति अपना ली है।




