Navgachia news: नवगछिया में दारोगा ने पीटीसी पर उस्तरे से हमला, शराब सेवन में दोनों निलंबित, आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

आरोपी पु०अ०नि० जयराम मांझी

भागलपुर : नवगछिया पुलिस जिला में शुक्रवार को दो पुलिसकर्मियों के बीच हुए आपसी विवाद में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई है। मामूली कहासुनी के दौरान दारोगा द्वारा पीटीसी पर उस्तरे से हमला किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस पदाधिकारी और एक पीटीसी को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि घटना शुक्रवार 06 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे की है, जब नवगछिया पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस लाइन में पदस्थापित दो पुलिसकर्मियों के बीच विवाद के दौरान पीटीसी विशाल कुमार सिंह घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही घायल पुलिसकर्मी को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज  अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि पूर्व में पैसे के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के कारण पु०अ०नि० जयराम मांझी ने पीटीसी विशाल कुमार सिंह पर दाढ़ी बनाने वाले उस्तरे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पीटीसी विशाल कुमार सिंह के फर्दबयान के आधार पर नवगछिया थाना में मामला दर्ज करते हुए आरोपी दारोगा जयराम मांझी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों की ब्रेथ एनालाइजर जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों के विरुद्ध नवगछिया थाना कांड  दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। साथ ही मेडिकल परीक्षण के लिए दोनों के ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा समर्पित जांच रिपोर्ट के आधार पर पु०अ०नि० जयराम मांझी एवं पीटीसी विशाल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने स्पष्ट किया है कि नवगछिया पुलिस अपने कर्मियों से उच्चतम अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और कानून के अनुपालन की अपेक्षा करती है। सेवा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या कानून उल्लंघन पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

News 9 Global
Author: News 9 Global

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई