नवगछिया: रंगरा अंचलाधिकारी आशीष कुमार ने म्यूटेशन प्रक्रिया से जुड़े एक विवाद पर मदरौनी पंचायत के मुखिया अजित सिंह उर्फ मुन्ना द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि म्यूटेशन रिजेक्ट करने का निर्णय पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया और अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर लिया गया था।

CO आशीष कुमार ने बताया कि हाल ही में मुखिया द्वारा एक परिचित के म्यूटेशन को लेकर पैरवी की गई थी। जांच में सामने आया कि जिस भूमि का म्यूटेशन किया जाना था, वह पांच हिस्सेदारों की साझेदारी वाली जमीन है, जिसका अब तक विधिवत बंटवारा नहीं हुआ है। विक्रेता विक्रम कुमार सिंह ने अपने हिस्से से अधिक जमीन की बिक्री कर दी थी, जिस पर अन्य हिस्सेदार—मिथलेश सिंह, अखलेश सिंह और खगेश सिंह—ने आपत्ति दर्ज कराई थी।




