गया डोभी कुआं हादसा: जहरीली गैस से 4 ग्रामीणों की मौत की आशंका, बचाव में उतरा पुलिसकर्मी बेहोश

SHARE:

गया/डोभी।  NEWS9 GLOBAL : बिहार के गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र अंतर्गत करमौनी गढ़ गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पुराने कुएं से निकल रही जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आने से चार ग्रामीणों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि बचाव अभियान में उतरे अग्निशमन विभाग के एक जवान की तबीयत बिगड़ गई। उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकालकर इलाज के लिए डोभी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्रशासन ने फिलहाल दो ग्रामीणों को कुएं से बाहर निकाला है, जबकि अन्य लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ टीम का इंतजार किया जा रहा है।

कुएं में पाइप डालने उतरे थे ग्रामीण

स्थानीय लोगों के अनुसार पुराने कुएं में पाइप डालने के लिए पहले एक ग्रामीण नीचे उतरा। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दूसरा ग्रामीण उसे देखने गया। इसके बाद क्रमशः तीसरा और चौथा व्यक्ति भी कुएं में उतर गया। आशंका है कि कुएं के अंदर जहरीली गैस भर जाने और ऑक्सीजन की कमी के कारण सभी बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। गांव में अफरातफरी का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बचाव में उतरा जवान भी बेहोश

कुएं में फंसे लोगों को निकालने के लिए अग्निशमन विभाग का एक जवान ऑक्सीजन मास्क लगाकर नीचे उतरा, लेकिन वह भी अंदर जाकर बेहोश हो गया। किसी तरह उसे बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने बचाव अभियान रोक दिया और विशेषज्ञ टीम को बुलाने का निर्णय लिया।

एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया

मौके पर शेरघाटी डीएसपी राजन कुमार, बीडीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हुए हैं। जिला मुख्यालय को घटना की सूचना दे दी गई है और एसडीआरएफ टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि टीम के पहुंचने के बाद ही सुरक्षित तरीके से आगे की कार्रवाई संभव होगी।

एसएसपी बोले- मौत की पुष्टि नहीं

गया के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि करमौनी गांव में कुछ ग्रामीणों के कुएं में फंसे होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दो लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि एसडीआरएफ टीम के पहुंचने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही अंतिम जानकारी दी जाएगी।

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद पूरे करमौनी गढ़ गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण प्रशासन से त्वरित बचाव अभियान चलाने और दोषपूर्ण कुओं की जांच कराने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से कुएं के पास भीड़ न लगाने और बचाव दल को सहयोग करने की अपील की है।

News 9 Global
Author: News 9 Global

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई