Gaya News: गया में युवक के अपहरण और 27 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम के जरिए युवक को प्रेमजाल में फंसाकर सिकरिया मोड़ बुलाया गया और इसके बाद उसका अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर 8 से 12 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।गया रामपुर थाना क्षेत्र में 27 लाख रुपये की रंगदारी के लिए युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में जहानाबाद जिले के कचनामा गांव निवासी विकास कुमार, उसकी पत्नी और गया के डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा मोहल्ला निवासी पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
मंगलवार देर शाम रामपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को शोभा देवी ने रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा सावन कुमार सिकरिया मोड़ जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ समय तक परिजनों से उसकी फोन पर बातचीत हुई, लेकिन बाद में उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
इसके बाद परिवार के लोगों को फोन और मैसेज के जरिए 27 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया।
इंस्टाग्राम के जरिए युवक को बनाया गया निशाना:
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक को कथित तौर पर इंस्टाग्राम के जरिए निशाना बनाया गया था। विकास कुमार की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती की और बातचीत शुरू की। पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान युवक को प्रेम संबंध का झांसा दिया गया और मुलाकात के लिए रामपुर थाना क्षेत्र के सिकरिया मोड़ बुलाया गया।
युवक के वहां पहुंचने के बाद उसका अपहरण कर लिया गया और मोबाइल फोन बंद कर दिया गया। इसके बाद उसके परिवार से 27 लाख रुपये की मांग की गई।
नौकरी दिलाने के नाम पर लिए पैसे का विवाद:
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में अपहरण के पीछे पैसों से जुड़ा विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक के पिता से नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ रकम ली गई थी। इसी रकम की कथित वसूली के लिए अपहरण की साजिश रची गई और बाद में परिवार से 27 लाख रुपये की मांग की गई।

डेल्हा में पुलिस ने बिछाया जाल, तीनों दबोचे:
रंगदारी की रकम लेने के लिए अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को डेल्हा थाना क्षेत्र के कुजापी में बुलाया था। पुलिस ने पहले से जाल बिछा रखा था। जैसे ही आरोपित रंगदारी की रकम लेने पहुंचे, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई में अपहृत युवक को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस अब मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और अपहरण की साजिश में शामिल अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है



