राजस्व कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल से रंगरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में पसरा सन्नाटा

SHARE:

पूरे बिहार में राजस्व कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल से रंगरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में पसरा सन्नाटा

रंगरा प्रखंड के सभी राजस्व कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण प्रखंड कार्यालय में कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। इस हड़ताल का असर प्रखंड कार्यालय में म्यूटेशन, परिमार्जन, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बंटवारा और जमीन से संबंधित अन्य कार्यों पर पड़ा है।

साधुआ चापर पंचायत के निवासी जीवन कुमार (वार्ड 10) ने बताया कि वे पिछले एक हफ्ते से प्रखंड कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा काम लंबित पड़ा है, और अब हमे इसकी कोई उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है।”

इस मामले में, भागलपुर जिला अधिकारी द्वारा राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने तक जाति, निवास, आय, ओबीसी आदि आवेदनों की जांच प्रतिवेदन को संबंधित पंचायत सचिव को प्राधिकृत करने का दायित्व सौंपा गया है। एक पंचायत सचिव ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कार्य में रुकावटें आ रही हैं, जिससे जनता को असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि हड़ताल की वजह से कई आवश्यक कार्यों की प्रक्रिया रुक गई है, जिससे आम लोग परेशान हैं।

स्थानीय लोग इस स्थिति से निराश हैं और उनका कहना है कि इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, ताकि उनका काम सुचारु रूप से चल सके। स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट है कि सरकार और प्रशासन को हड़ताल के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

रंगरा अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों से हड़ताल तोड़ने की अपील की जा रही है, और उनकी मांगों को मानने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन इस पर अभी तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

इस हड़ताल से आम जनता को हो रही परेशानियों के मद्देनजर अब देखना यह होगा कि प्रशासन और सरकार इस मुद्दे का समाधान कब तक निकालती है।

News 9 Global
Author: News 9 Global

Leave a Comment