खुला नाला और मच्छरों का कहर: नवगछिया नगर परिषद की लापरवाही से लोग परेशान

SHARE:

नवगछिया: नवगछिया शहर में इन दिनों बदहाल सफाई व्यवस्था और लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। एक ओर जहां मच्छरों का प्रकोप लोगों का जीना मुहाल किए हुए है, वहीं दूसरी ओर खुले नाले ने लोगों के लिए रोजमर्रा की आवाजाही भी खतरनाक बना दी है। ताजा मामला रुंगटा स्कूल के सामने स्थित लोहार गली गेट के पास वार्ड 22 का है, स्थानीय दुकानदार राकेश ने बताया कि सफाई ने नाम पर नाले का पाट बीते तीन दिनों से खुला पड़ा है। इस कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब तक कई लोग इस खुले नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। खासकर रात के समय यह जगह और अधिक खतरनाक हो जाती है।

इधर, शहरभर में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि स्थिति इतनी खराब हो गई है कि अब दिन में भी मच्छरों से राहत नहीं मिल रही है। नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जगह-जगह जलजमाव के कारण मच्छरों का तेजी से फैलाव हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद की ओर से न तो नियमित फॉगिंग कराई जा रही है और न ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शहरवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि जल्द से जल्द खुले नाले को ढककर सुरक्षित किया जाए, साथ ही मच्छरों से निजात दिलाने के लिए नियमित फॉगिंग, दवा छिड़काव और सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

 

News 9 Global
Author: News 9 Global

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई