नवगछिया में खादी ग्रामोद्योग की जमीन पर बड़ा विवाद सामने आया है। 99 साल के पट्टे को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं और जांच की मांग की है।
नवगछिया : नवगछिया में खादी ग्रामोद्योग की जमीन पर बड़ा खेल, 99 साल का पट्टा बना विवाद, ग्रामीणों में आक्रोश
नवगछिया स्थित फूड प्लाजा रेस्टोरेंट संचालक संतोष कुमार सहित उनके पुत्र श्रेयश सिंह पर अवैध रूप से स्थानीय प्रशासन एवं खादी भंडार के मेंबर के साठगांठ से कब्जा करने का आरोप
नवगछिया: नवगछिया एनएच 31 स्थित खादी ग्रामोद्योग की बहुमूल्य सरकारी जमीन को लेकर अब मामला और गंभीर हो गया है। नया टोला के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस जमीन को कथित रूप से भू-माफिया संतोष कुमार के पुत्र श्रेयश सिंह के नाम 99 वर्षों के लिए पट्टा पर दे दिया गया है, जिसमें विवाह भवन एवं गेस्ट हाउस निर्माण की योजना बताई जा रही है।ग्रामीणों के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया नियमों की अनदेखी करते हुए और पारदर्शिता के बिना की गई है। उनका कहना है कि जिस जमीन का उपयोग जनहित और संस्थागत कार्यों के लिए होना चाहिए था, उसे निजी लाभ के लिए सौंपा जा रहा है। इससे न सिर्फ सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि भविष्य में सार्वजनिक उपयोग की संभावनाएं भी समाप्त हो सकती हैं।आरोप यह भी है कि खादी ग्रामोद्योग के कुछ पदाधिकारी इस पूरे मामले में संलिप्त हैं और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए इस कथित अवैध पट्टे को संभव बनाया गया है। इसमें अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, सहायक मंत्री निताय कुमार एवं मंत्री पुरेंद्र कुमार शर्मा के नाम सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन लोगों ने नियम-कानून को ताक पर रखकर जमीन को भू-माफिया से जुड़े लोगों के नाम पर हस्तांतरित कराने की भूमिका निभाई है।




नया टोला के कई ग्रामीणों ने इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री को आवेदन देकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जांच पूरी होने तक इस जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण, हस्तांतरण या कब्जे पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि यदि 99 साल का पट्टा अवैध रूप से दिया गया है, तो उसे तुरंत रद्द किया जाए और दोषी पदाधिकारियों तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, खादी ग्रामोद्योग की भूमि की सुरक्षा के लिए स्थायी निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई गई है।
नवगछिया खादी ग्रामोद्योग विभाग के मंत्री पुरेंद्र कुमार शर्मा ने फोन पर संवाददाता को बताया कि कमेटी की सहमति से 99 साल के लिए स्थानीय फूड प्लाजा रेस्टोरेंट के संचालक संतोष कुमार के पुत्र श्रेयश सिंह के नाम किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला केवल जमीन का नहीं, बल्कि जनहित, पारदर्शिता और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। अब निगाहें सरकार और प्रशासन पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाते हैं।




